आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित विश्वप्रसिद्ध तिरुमला मंदिर में वेडिंग शूट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर परिसर के सामने नए शादीशुदा जोड़े द्वारा फोटो और वीडियो शूट कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि बुधवार को कपल ने कोलामंडपम से अखिलंदम तक मंदिर परिसर में कई तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे के

माथे पर किस करते हुए स्टिल्स भी लिए, जिससे वहां मौजूद भक्त असहज हो गए। श्रद्धालुओं का कहना है कि इससे मंदिर की पवित्रता और गरिमा भंग हुई है। गौरतलब है कि तिरुमला में फोटोशूट और रील बनाने पर पहले से ही प्रतिबंध है। अब भक्त तिरुमला तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट से सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। मंदिर प्रशासन से नियमों के सख्त पालन की अपील की जा रही है।

