बिहार की पूर्णिया सीट से सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति अपने समर्पण को खुलकर सामने रखा है। पप्पू यादव ने कहा कि वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रेम और नेतृत्व के दीवाने हैं और कांग्रेस पार्टी में उन्हें कोई जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। पप्पू यादव ने कहा, “हमें खुद नहीं पता हम कहां हैं, कांग्रेस हमें कहां रखेगी। लेकिन राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तथा कांग्रेस की विचारधारा के प्रति हमारा पूरा समर्पण है। कोई दायित्व, कोई क्षेत्र दिया जाए, हम पूरी निष्ठा से काम करेंगे।” उन्होंने असम चुनाव में भी पार्टी के लिए जिम्मेदारी सौंपने की मांग की है। पप्पू यादव ने दावा किया कि अगर संगठन को मजबूत किया जाए और तालमेल के साथ काम हो, तो बिहार समेत पूरे देश में कांग्रेस की संभावनाएं काफी बढ़ सकती हैं।

उन्होंने कानून-व्यवस्था को बड़ा मुद्दा बताते हुए ओबीसी, एससी और एसटी को एकजुट करने और ऊंची जातियों का समर्थन वापस लाने की बात कही। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने घर में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी देश को बचाने के लिए एक साथ संघर्ष कर
रहे हैं।

