राष्ट्रीय मतदाता दिवस को जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा अपने मताधिकार का निर्भीक होकर प्रयोग करने की शपथ दिलाई। अपर समाहर्ता ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को लोकतंत्र में उनकी भागीदारी और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यह दिवस प्रत्येक नागरिक को यह स्मरण कराता है कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल

पदाधिकारी साईमन मरांडी, उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहनलाल मरांडी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार अभिषेक सिंह एवं कार्यपालक दंडाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी ने प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को गुलाब का फूल, डायरी एवं कलम प्रदान कर सम्मानित किया।समाहरणालय के अलावा जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों, अनुमंडल कार्यालय, सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों, सिविल सर्जन कार्यालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, विद्यालयों सहित अन्य संस्थानों में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे जिलेभर में लोकतांत्रिक जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।

