पाकुड़ जिले में बीसीसीआई की प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के आगमन के अवसर पर रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, एसएमपीओ पवन कुमार, खेल संघ के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।उपायुक्त मनीष कुमार ने सर्वप्रथम सभी उपस्थितजनों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट जीतकर झारखंड ने डोमेस्टिक क्रिकेट के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह पूरे राज्य के लिए गौरव का क्षण है। उपायुक्त ने कहा कि इस ट्रॉफी को जीतने की परिकल्पना लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व की गई थी, जिसे झारखंड टीम ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से साकार कर दिखाया। उन्होंने कहा कि झारखंड क्रिकेट को महेंद्र सिंह धोनी जैसे महान खिलाड़ी ने राष्ट्रीय पहचान दिलाई, जिसके बाद ईशान किशन, शाहबाज नदीम, सौरभ तिवारी, विराट सिंह जैसे कई प्रतिभावान खिलाड़ी राज्य से उभरकर सामने आए हैं। उन्होंने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शित करने की पहल को अत्यंत सराहनीय बताया, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ेगी।

उपायुक्त ने कहा कि जब खिलाड़ी इस ट्रॉफी को सामने देखकर उसे महसूस करते हैं, तो उनके भीतर कुछ कर दिखाने की प्रेरणा स्वतः जागृत होती है। उन्होंने पाकुड़ जिले के पूर्व एवं वर्तमान खिलाड़ियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि जिले के कुछ खिलाड़ी भी राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, तो वे आने वाली पीढ़ी के लिए आदर्श बनेंगे। उपायुक्त ने खिलाड़ियों को कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे महान खिलाड़ी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, फिटनेस और समर्पण के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने आहार, फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया तथा निरंतर परिश्रम को सफलता की कुंजी बताया।जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को राज्य के सभी जिलों में भ्रमण कराने का उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना एवं उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि यह प्रतिष्ठित टी-20 टूर्नामेंट विगत 16 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एलीट एवं प्लेट ग्रुप को मिलाकर कुल 36 टीमें भाग लेती हैं। इसमें देश के सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के साथ रेलवे एवं सर्विसेज की टीमें भी शामिल होती हैं। मौके पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी,संयुक्त सचिव गणपत,रानू सिंह,अर्जुन सिंह,अमित सिंह,अकादमी के प्रशिक्षक, क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
