
बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने बांग्लादेशी हिंदू युवक दीपू दास की हत्या पर गहरी चिंता जताई है। रवीना टंडन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि कुछ लोग अब भी ऐसी हत्याओं को सही ठहराने की कोशिश करते हैं। उन्होंने एक पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिसमें बताया गया था कि दीपू दास के खिलाफ ईशनिंदा का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि दीपू दास की हत्या बांग्लादेश के मयमनसिंह इलाके में की गई। उस पर कथित तौर पर ईशनिंदा का आरोप लगाया गया था। यह घटना उस समय सामने आई, जब बांग्लादेश पहले से ही छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद हिंसा और अशांति के दौर से गुजर रहा है। दीपू दास की हत्या के बाद देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से इस घटना की निंदा की जा रही है।

