
उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर अब धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी (वाराणसी) में भी देखने को मिल रहा है। इतनी तीव्र ठंड के कारण वाराणसी देश के 10 सबसे ठंडे शहरों में शामिल हो गया है। न्यूनतम तापमान शिमला और मनाली जैसे पहाड़ी इलाकों से भी नीचे दर्ज किया गया है। इस भीषण ठंड ने न सिर्फ आम जनजीवन प्रभावित किया है, बल्कि धार्मिक स्थलों में भी इसका असर देखा जा रहा है। काशी के मंदिरों में देवी-देवताओं की मूर्तियों को ठंड से बचाने के लिए ऊनी वस्त्र, कंबल और रजाई ओढ़ाई जा रही है। कई मंदिरों में भगवान को ठंड से राहत देने के लिए ब्लोवर तक लगाए गए हैं। मंदिरों में इस तरह के इंतजामों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, और ठंड के बावजूद पूजा-अर्चना का क्रम जारी है।

