दिल्ली-एनसीआर में छाए घने कोहरे के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGIA) पर दृश्यता बेहद कम होने से उड़ानों की रफ्तार थम गई। कोहरे की वजह से 152 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई अन्य उड़ानें देरी का शिकार रहीं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि घने कोहरे के चलते एयरपोर्ट पर

CAT III ऑपरेशन शुरू कर दिए गए हैं, जिसके कारण उड़ानों के संचालन में देरी और रुकावटें संभव हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त करें। प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुविधा के लिए ऑन-ग्राउंड टीमें तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। दृश्यता में सुधार के बाद ही उड़ान संचालन के सामान्य होने की उम्मीद है।

