
महाराष्ट्र बीजेपी के वरिष्ठ नेता और घाटकोपर पश्चिम से विधायक राम कदम ने चार साल बाद गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ अपने बाल कटवाए। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। राम कदम ने चार साल पहले संकल्प लिया था कि जब तक घाटकोपर में पानी की समस्या का समाधान नहीं हो जाता, वे बाल नहीं कटवाएंगे। विधायक ने दावा किया कि अब इलाके में पानी की सप्लाई पूरी तरह बहाल हो चुकी है। उन्होंने बताया कि घाटकोपर में दो करोड़ लीटर से अधिक क्षमता के पानी के टैंक बनाए जाएंगे और भांडुप से नई पानी की पाइपलाइन भी जोड़ी गई है। इस मौके पर उन्होंने इसे जनता की जीत बताया।

