
केंदुआडीह गैस रिसाव कांड के समाधान के लिए बीसीसीएल ने मंगलवार से प्रभावित क्षेत्र में बोरहोल का कार्य पूरा कर लिया है। गुरुवार को नाइट्रोजन गैस डालने की प्रक्रिया विशेषज्ञों की टीम द्वारा शुरू की जाएगी। इस संवेदनशील कार्य में आईआईटी (ISM) धनबाद, CMPDI और सिंफर सहित कई वैज्ञानिक संस्थानों की टीमें जुटी हुई हैं। बुधवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा अपने समर्थकों के साथ बोरहोल स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे और विशेषज्ञों से कार्य की प्रगति और वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ा है। विशेषज्ञों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मीथेन गैस पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया जाएगा। गैस निकासी में सफलता मिलने पर अन्य स्थानों पर भी इसी तरह का कार्य किया जाएगा। स्थानीय लोगों को राहत मिली है, पीपीएम स्तर घटा है और विस्थापन की चर्चा केवल पूरी तरह नियंत्रण के बाद होगी।

