विधायक महेशपुर एवं विधायक लिट्टीपाड़ा, उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सांसद प्रतिनिधि एवं विधायक प्रतिनिधि ने जिले में संचालित छह मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि इस पहल से जिले के दूरदराज़ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 06 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित की गई हैं, जिन्हें प्रत्येक प्रखंड से टैग किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सुलभ एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।उपायुक्त ने बताया कि ये मोबाइल मेडिकल यूनिट विशेष रूप से उन क्षेत्रों में संचालित की जाएंगी, जहां लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाई होती है। प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट एक

चलते-फिरते लघु अस्पताल के रूप में कार्य करेगी। प्रत्येक वैन में एक एमबीबीएस चिकित्सक, एक नर्स एवं एक एएनएम की तैनाती की गई है। वैन में प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयां एवं मूलभूत जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।उपायुक्त ने कहा कि इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित होगी तथा ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

