श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, जिला नियोजनालय सह मांडल कैरियर सेंटर, पाकुड़ द्वारा बाजार समिति परिसर में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का भव्य आयोजन किया गया। मेले में आठवीं से लेकर स्नातक उत्तीर्ण तक के सैकड़ों युवा उत्साहपूर्ण तरीके से शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ माननीय अतिथियों द्वारा किया गया।मेले में कुल 23 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कुल 968 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 327 अभ्यर्थियों का ऑन द स्पॉट चयन किया गया,जबकि 212 अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। मौके पर विधायक निसात आलम, उपायुक्त मनीष कुमार, राजेडी जिलाध्यक्ष महावीर मड़ैया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार सरकार, राजेडी सचिव रंजीत कुमार सिंह एवं जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार उपस्थित रहे।उपायुक्त ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पहली नौकरी जीवन की शुरुआत भर है, यह अंतिम लक्ष्य नहीं। युवा आरंभ में ही अत्यधिक वेतन की अपेक्षा करते हैं, परंतु करियर अनुभव और कौशल से आगे बढ़ता है। आज भी हजारों लोग छोटे स्तर से शुरू करके उच्च पदों तक पहुंचे हैं इसलिए कोई भी नौकरी छोटी नहीं होती। कौशल ही करियर की असली पूंजी

है; इसी उद्देश्य से सक्षम केंद्र और कौशल विकास केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि जेपीएससी काउंसलिंग 5 दिसंबर से प्रारंभ हो रही है। जिले में ‘उड़ान कार्यक्रम’ के माध्यम से उच्च स्तरीय कोचिंग निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे, एसएससी, सीडीएस, लोको पायलट आदि परीक्षाओं के लिए भी विशेष प्रशिक्षण चल रहा है।जिले के पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण और डिजिटल लाइब्रेरी निर्माण का कार्य तेज गति से प्रगति पर है। उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने युवाओं से आग्रह किया कि वे सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखें, अवसरों का लाभ उठाएँ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। विधायक श्रीमती निसात आलम ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार सृजन हेतु निरंतर प्रयासरत है। प्रदेशभर में नियमित रोजगार मेलों का आयोजन इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। पाकुड़ जिले में आयोजित अबतक के रोजगार मेलों में लगभग 1000 युवा विभिन्न कंपनियों में सफलतापूर्वक रोजगार प्राप्त कर चुके हैं। आनेवाले समय में भी ऐसे आयोजनों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि प्रत्येक योग्य युवा को रोजगार का अवसर मिल सके। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि आप सभी ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाएँ और सफलता की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाएँ।

