21 नवंबर से पूरे राज्य में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। इसी क्रम में जिले में 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक 128 पंचायतों एवं नगर परिषद क्षेत्र के 21 वार्डों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त के निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। उपायुक्त ने कार्यक्रम की सफ़लता हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की सुविधा, सहायता एवं समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु अधिक से अधिक लोगों को इस कार्यक्रम का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने और शिविरों में उपस्थित होकर जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।उपायुक्त द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को शिविरों के व्यापक प्रचार प्रसार का निर्देश दिया गया है, ताकि जिले के शत प्रतिशत योग्य लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने लाभुकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और शिविर स्थल पर अधिकतम आवेदनों के संकलन का निर्देश भी दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पंचायत एवं ग्राम स्तर पर शिकायतों का त्वरित निष्पादन और नए लाभुकों को लाभ दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। झारखंड मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना,अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना,अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना,बिरसा हरित ग्राम

योजना,किसान क्रेडिट कार्ड,सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना,हरा राशन कार्ड,बिरसा सिंचाई एवं कृषि संबंधित योजनाएँ, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, जाति,आवासीय, आय प्रमाण पत्र, लैंप्स पैक्स सदस्यता अभियान पर फोकस रहेगा। 21 नवंबर को अमड़ापाड़ा प्रखंड के जामुगड़िया पंचायत भवन, हिरणपुर प्रखंड के बाबूपुर पंचायत, मनिडांगा प्राथमिक विद्यालय के पास, महेशपुर प्रखंड के शहरग्राम पंचायत, अमलागाछी फुटबॉल मैदान, पाकुड़ प्रखंड के शहरकोल पंचायत भवन एवं पोचाथोल पंचायत भवन,पाकुड़िया प्रखंड के मोंगलाबांध पंचायत सचिवालय परिसर एवं पाकुड़ नगर परिषद के वार्ड 01, वार्ड विकास केंद्र, नया बस पड़ाव में एवं 22 नवंबर को पाकुड़ प्रखंड के मालपहाड़ी पंचायत भवन, हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत बरमसिया पंचायत के वीरग्राम आंगनबाड़ी केंद्र के पास, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के लिट्टीपाड़ा पंचायत परिसर, महेशपुर प्रखंड अंतर्गत रोलाग्राम पंचायत के मध्य विद्यालय मैदान एवं तेलियापोखर पंचायत भवन के बगल में शिविर लगेगा।

