झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग पाकुड़ द्वारा जागरूकता रथ को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार व उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सह जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा ने संयुक्त रूप से रथ को रवाना किया।रथ रवानगी के अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस उत्सव केवल एक समारोह नहीं, बल्कि यह जनभागीदारी, विकास और आत्मगौरव के संकल्प का प्रतीक है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुँचना अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता ही सशक्त

समाज की नींव है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील किया कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पेंशन योजनाएं, कृषि एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।यह जागरूकता रथ 11 नवंबर से 29 नवंबर 2025 तक जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों में भ्रमण करेगा और आम जनता को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी देगा। उपायुक्त ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस हम सबके लिए आत्मगौरव का अवसर है। यह अपने राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।रथ रवानगी के दौरान सोशल मीडिया प्रचार पदाधिकारी पवन कुमार, जिला जनसंपर्क कार्यालय के कर्मी राजेश कुमार एवं भूषण कुमार उपस्थित रहे।

