तूफान ‘मेलिसा’ से तबाही झेल रहे जमैका और क्यूबा की मदद के लिए भारत आगे आया है। नई दिल्ली से भारतीय वायुसेना के विमान के जरिए दोनों देशों को 20-20 टन मानवीय सहायता और राहत सामग्री भेजी गई है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बताया कि भेजी गई सामग्री में दवाइयां, चिकित्सकीय उपकरण, खाद्य व दैनिक उपयोग की वस्तुएं, बिजली जनरेटर, आश्रय सहायता और स्वच्छता

किट शामिल हैं। जयशंकर ने कहा कि भारत ग्लोबल साउथ के अपने साझेदार देशों के साथ मजबूती से खड़ा है और जमैका व क्यूबा में पुनर्निर्माण और सामान्य स्थिति बहाली में हरसंभव सहायता करेगा। दोनों देशों ने भारत का दिल से आभार जताया और कहा कि यह सहायता मानवीय भावना और वैश्विक एकजुटता का सच्चा प्रतीक है।

