पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार शाम अफगानिस्तान सीमा पर एक बार फिर गोलीबारी की। यह घटना बलूचिस्तान के चमन बॉर्डर क्रॉसिंग पर हुई, जो अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक से जुड़ी है। आरोप है कि पाकिस्तानी सेना ने स्पिन बोल्डक में तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाकर हमला किया, जबकि तालिबान ने भी इसका माकूल जवाब देते हुए पाकिस्तानी चौकियों पर फायरिंग की।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने कंधार के स्पिन बोल्डक जिले के लुकमान गांव में अफगान सीमा रक्षकों पर गोलीबारी और मोर्टार से हमले किए। इस दौरान इलाके में एक नागरिक घर भी निशाना बनाया गया। लगातार गोलीबारी के कारण यह सीमा चौकी पिछले एक महीने से बंद थी। फिलहाल, लड़ाई थम गई है और स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं दी है।

