रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ अभियान के तहत डीपीएस स्कूल में वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी एवं मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार ने किया।अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं स्कूल वाहन चालकों को सुरक्षा मानकों के पालन हेतु प्रेरित करना था। इस दौरान चालकों को तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणाम, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, सामने वाले वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, ओवरलोडिंग से बचने, तथा ड्राइविंग लाइसेंस, रिफ्लेक्टिव टेप, जीपीएस कैमरा और प्रेशर हॉर्न जैसे सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।अधिकारीगणों ने बताया कि ओवर स्पीडिंग से

सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे अपने वाहन नियंत्रित गति से चलाएँ और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।कार्यक्रम के दौरान सभी चालकों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई तथा पंपलेट वितरण कर नियमों के पालन का संदेश दिया गया। साथ ही स्कूल वाहनों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया, जिसमें तकनीकी कमियों एवं दस्तावेज़ों की जांच की गई।मोटरयान निरीक्षक द्वारा स्कूल प्रबंधन को 24 घंटे के भीतर सभी तकनीकी त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए गए तथा निरीक्षण प्रतिवेदन को राज्य एवं वरीय पदाधिकारी को भेजे जाने की बात कही गई।मौके पर मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, अमित कुमार राम एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

