केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मानेसर में NSG के 41वें स्थापना दिवस के मौके पर जोरदार बयान दिया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और PoK में आतंकवादी ठिकानों, प्रशिक्षण केंद्रों और लॉन्च पैड्स को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है। शाह ने स्पष्ट किया कि अब आतंकवादियों के लिए कोई जगह सुरक्षित नहीं है और भारतीय सुरक्षा बल उन्हें कहीं भी ढूंढकर सजा देंगे। शाह ने NSG के जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनका साहस हर नागरिक के लिए गर्व का कारण है। उन्होंने घोषणा

की कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में NSG का छठा केंद्र स्थापित किया जाएगा, जबकि मानेसर में 141 करोड़ रुपये की लागत से विशेष अभियान प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला रखी गई। गृह मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाए हैं, जिनमें UAPA और NIA एक्ट में संशोधन, PFI पर प्रतिबंध और बहु-एजेंसी खुफिया प्रणाली को मजबूत करना शामिल है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन महादेव और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अभियान नागरिकों का सुरक्षा बलों पर विश्वास और भी मजबूत करते हैं।

