फर्जी आधार कार्ड मामले पर प्रशासन सख्त, अधिकारी सीएससी केंद्रों में कर रहे जांच पाकुड़ जिले के ग्रामीण इलाकों में फर्जी दस्तावेजों के सहारे आधार कार्ड बनाए जाने की शिकायत के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। अधिकारियों की टीम ने कई पंचायतों के सीएससी में जाकर जांच की। हिरणपुर प्रखंड के बीडीओ टुडू दिलीप और थाना प्रभारी रंजन कुमार ने संयुक्त रूप से प्रखंड अंतर्गत आने वाले केन्दो गांव के देवाशीष दत्ता के सीएससी केंद्र में दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने आधार कार्ड से संबंधित प्रक्रिया और रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की तथा केंद्र संचालक से पूछताछ भी की। सूत्रों के अनुसार कुछ केंद्रों पर बिना सही दस्तावेज और सत्यापन के लोगों का आधार कार्ड

बनाए जाने की शिकायत मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने आईटी विभाग, पुलिस और प्रखंड प्रशासन की संयुक्त जांच टीम गठित की है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि ऐसे फर्जीवाड़ों पर रोक लगाना जरूरी है।

