
शुक्रवार शाम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक अकाउंट अचानक निलंबित कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, करीब 80 लाख फॉलोअर्स वाला यह पेज शाम 6 बजे के आसपास बंद हुआ। अखिलेश यादव इसी पेज के ज़रिए सरकार की नीतियों पर टिप्पणी करते और जनता से संवाद करते थे। अकाउंट सस्पेंशन पर सपा ने बीजेपी सरकार पर साजिश रचने का आरोप लगाया। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि यह “लोकतंत्र पर हमला” है और देश में “अघोषित आपातकाल” जैसी स्थिति है। सपा नेता पूजा शुक्ला ने फेसबुक को चेतावनी दी कि “यह लाखों लोगों की आवाज़ है, जिसे दबाया नहीं जा सकता।” वहीं पवन पांडे ने इसे लोकतंत्र को कुचलने की साज़िश बताया। फिलहाल फेसबुक की ओर से किसी भी तरह की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सपा का आरोप है कि सरकार विपक्ष की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है।

