
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उत्तर बंगाल के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों के दौरे से लौटने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर ममता बनर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा — “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यवाहक प्रधानमंत्री की तरह व्यवहार कर रहे हैं।” ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चेताते हुए कहा कि शाह पर ज़्यादा भरोसा न करें, क्योंकि — “एक दिन वही उनके मीर जाफर साबित हो सकते हैं।” उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर जो कुछ भी कर रहा है, वह अमित शाह के इशारे पर हो रहा है। ममता ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को शाह की हर गतिविधि की पूरी जानकारी है, फिर भी वह चुप हैं। बंगाल की राजनीति में ममता का यह बयान एक नए राजनीतिक तूफान की आहट माना जा रहा है।
