भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिनों के लिए मोरक्को की यात्रा पर हैं। यह किसी भारतीय रक्षा मंत्री की पहली मोरक्को यात्रा है। उन्होंने मोरक्को में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया, जो अफ्रीका में पहला भारतीय रक्षा विनिर्माण संयंत्र है। रक्षा मंत्री ने अपने समकक्ष अब्देलतीफ लौदियी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। मोरक्को की राजधानी रबात में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “हमें कभी नहीं भूलना चाहिए कि हम भारतीय हैं।” उन्होंने पीओके पर भी स्पष्ट किया कि यह “स्वतः भारत का होगा”।

राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और भारत के अंतरराष्ट्रीय कद पर भी बात की। उन्होंने भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में अब 1.60 लाख स्टार्टअप और 118 यूनिकॉर्न हैं। रक्षा मंत्री ने नारी सशक्तिकरण और 33% आरक्षण जैसी उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

