पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की तिराह घाटी में सोमवार को हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हादसे में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे समेत आम नागरिक और पाकिस्तानी तालिबान के आतंकी भी शामिल हैं। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, यह विस्फोट एक परिसर में हुआ, जिसे तालिबान लड़ाके बम बनाने की फैक्ट्री की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। विस्फोट में आसपास के कई घर भी मलबे में तब्दील हो गए। रिपोर्टों में यह भी दावा किया जा रहा है कि यह धमाका पाकिस्तानी वायुसेना के हवाई हमलों की वजह से हुआ। हालांकि, सरकार की

ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय सांसद अब्दुल गनी अफरीदी ने घटना की कड़ी निंदा की और इसे मानवता के विरुद्ध अपराध बताया। उन्होंने कहा कि निर्दोष बच्चों और महिलाओं को निशाना बनाना “राज्य का उत्पीड़न” है और पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। फिलहाल, पाकिस्तानी सुरक्षा बल टीटीपी के खिलाफ खैबर और उत्तर-पश्चिमी इलाकों में अभियान जारी रखे हुए हैं।

