झारखंड की राजधानी रांची में आतंकी संगठन ISIS का एक खतरनाक ठिकाना सामने आया है। ये ठिकाना गिरफ्तार आतंकी दानिश का था और इसे ISIS का विस्फोटक बनाने का हेडक्वार्टर बनाया गया था। यहां से आतंकियों की ऑनलाइन भर्ती भी की जा रही थी, जिसमें पाकिस्तान से ऑपरेट की जा रही ऑनलाइन ट्रेनिंग शामिल थी। जानकारी के मुताबिक, दानिश इस ठिकाने में PG के रूप में रह रहा था और SSC की तैयारी के बहाने सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क में आया। इसके बाद उसने लैपटॉप और ऑनलाइन ग्रुप्स की मदद से TATP और PETN बम बनाने, हथियार का ब्लूप्रिंट तैयार करने और ऑनलाइन ट्रेनिंग देने का काम शुरू किया। दानिश ने अपने ग्रुप्स में बम और हथियार की फोटो भी शेयर की और विस्फोटक ट्रायल के लिए रांची की सोनरेखा नदी का इस्तेमाल किया। स्पेशल सेल की पूछताछ में खुलासा हुआ कि दानिश हर तरह के विस्फोटक बनाने में माहिर था। इस ठिकाने से पोटेशियम नाइट्रेट और बम बनाने का सामान बरामद हुआ है।

गिरफ्तार आतंकियों ने अपने निशाने पर BJP और RSS के बड़े नेता, साथ ही कई VVIP रखा था। हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने झारखंड, तेलंगाना, बेंगलुरु, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में छापेमारी कर पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इन आतंकियों के पास हथियार और केमिकल बम बनाने का सामान भी मिला था। अधिकारियों का कहना है कि ये आतंकी टारगेट किलिंग और धार्मिक स्थलों पर हमले की फिराक में थे। इस रांची ठिकाने का वीडियो भी सामने आया है, जो ISIS के खतरनाक नेटवर्क का अहम सबूत है।

