
हैदराबाद में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। एमजीबीएस मेट्रो स्टेशन के भीतर देश का पहला पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू हो गया है। खास बात यह है कि यह पहली बार है जब किसी मेट्रो स्टेशन के अंदर पासपोर्ट सेवा केंद्र खोला गया है। तेलंगाना में अब कुल पाँच पासपोर्ट केंद्र हो गए हैं—बेगमपेट मुख्यालय, एमजीबीएस, टोलीचौकी, निज़ामाबाद और करीमनगर। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में रोज़ाना औसतन 4,500 पासपोर्ट जारी किए जाते हैं। एमजीबीएस में खुले इस नए केंद्र से यात्रियों और आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। मेट्रो से सफर करने वाले लोग सीधे स्टेशन पर ही पासपोर्ट सेवाओं का लाभ उठा पाएंगे। यह पहल न सिर्फ पासपोर्ट सेवाओं को लोगों के करीब लाने का काम करेगी बल्कि मेट्रो स्टेशनों को मल्टी-यूटिलिटी हब बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है।

