
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार ने जिला टास्क फोर्स (पल्स पोलियो अभियान एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्त झारखंड) की बैठक की। इसमें आगामी 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्त झारखंड*के तैयारियों की समीक्षा की। मौके पर सिविल सर्जन डॉ सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने पल्स पोलियो अभियान एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्त झारखंड को लेकर अब तक की गई तैयारियों की क्रमवार जानकारी दी।उपायुक्त ने प्राप्त लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा करने को कहा। उन्होंने शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने को लेकर तैयारियों की प्रखंड वार समीक्षा की और जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र में पल्स पोलियो अभियान की मानीटरिंग व सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है एवं सभी विद्यालय में लक्षित लाभुकों को ऐलमेंडाजोल टैबलेट खिलने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर दोनों अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि पोलियो खुराक पीने से कोई भी बच्चा छूटे नहीं। उपायुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने प्रखंड के एमओआइसी एवं प्रखंड स्तरीय अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी बूथों पर वैक्सीनेटरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

