धनबाद जिले के बाघमारा बीसीसीएल ब्लॉक-2 क्षेत्र स्थित न्यू मधुबन कोल वाशरी में देर रात बड़ा हादसा हो गया। शनिवार रात करीब 1 बजे वाशरी के साइलो प्लांट का एक हिस्सा और कंवेयर बेल्ट अचानक भरभरा कर गिर गया। इस हादसे में चेन्नई राधा कंपनी का एक मजदूर धर्मेंद्र ठाकुर ऊपर फंस गया। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रातभर से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। बड़ी संख्या में

लोग मौके पर जमा हो गए हैं। प्रशासन, बीसीसीएल प्रबंधन, पुलिस और CISF जवान मजदूर को बाहर निकालने के प्रयास में लगे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पूरी रात से रेस्क्यू टीम लगातार ऑपरेशन चला रही है, लेकिन मजदूर को अब तक सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका है।

