
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने सात महीने बाद क्रिकेट एक्शन में धमाकेदार वापसी की। गोवा की टीम के लिए खेले गए डॉ (कप्तान) के थिमुपियाह मेमोरियल टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में अर्जुन ने महाराष्ट्र के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया। अर्जुन ने पहले ही ओवर में ओपनर अनिरूद्ध साबले को आउट करके धमाका किया। इसके बाद उन्होंने महेश मासके, दिग्विजय पाटिल, मेहुल पटेल और नदीम शेख को आउट कर पांच विकेट चटकाए। महाराष्ट्र की टीम केवल 136 रन पर ऑल-आउट हो गई। बल्ले से भी अर्जुन ने 44 गेंदों में 36 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। गोवा ने पहली पारी में 333 रन बनाए, जिसमें अभिनव तेजराणा (77), दर्शन मिसल (61) और मोहित रेडकर (58) ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। अर्जुन पहले महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और 2022 में गोवा से जुड़े थे। हाल ही में उनकी सानिया चंडोक से सगाई भी हुई है।

