
बिहार के कटिहार जिले में गंगा नदी के कटाव ने भारी तबाही मचा दी है। दर्जनों घर नदी में समा चुके हैं और लोग विस्थापन की कगार पर हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद तारिक अनवर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कटिहार के मनिहारी अनुमंडल के धुरयाही पंचायत में गंगा के कटाव से हालात बेहद खराब हैं। इसी का जायजा लेने रविवार को सांसद तारिक अनवर और मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह पहुंचे। लेकिन यहां सांसद साहब का अंदाज़ चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि तारिक अनवर एक शख्स की पीठ पर बैठकर बाढ़ प्रभावित इलाका घूम रहे हैं, जबकि दूसरा शख्स उन्हें संभाल रहा है। गांव के लोगों ने उनके सामने पुनर्वास और सुरक्षित ठिकाने की मांग रखी। सांसद ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को केंद्र और राज्य सरकार तक पहुँचाया जाएगा और विशेष पैकेज की मांग की जाएगी। वहीं विधायक ने कहा कि प्रभावित लोगों को मदद दिलाने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा।

