दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर आज भी खतरे के निशान से ऊपर है। राजधानी के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। सुबह 6 बजकर 40 मिनट पर मयूर विहार से आए ड्रोन वीडियो में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। वहीं 6 बजकर 15 मिनट पर पुराने यमुना पुल का वीडियो सामने आया, जिसमें खतरे का स्तर साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि सिविल लाइंस इलाके में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। श्री स्वामीनारायण मंदिर के आसपास पानी उतरने के दृश्य सामने आए हैं। लेकिन उस्मानपुर, वजीराबाद बैराज और ओखला बैराज से सटे गांव अब भी पानी में डूबे हैं। कई

एक मंजिला मकान पूरी तरह जलमग्न हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां से पानी उतरने में अभी 4 से 5 दिन लग सकते हैं। उसके बाद गंदगी और संक्रमण सबसे बड़ी समस्या होगी। मौसम विभाग ने आज के लिए हल्की बारिश की संभावना जताई है। आसमान बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट, जबकि भारी वर्षा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

