कैमूर में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जदयू सांसद लवली आनंद ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले का बिहार अराजकता का प्रतीक था। खेत, खलिहान, दुकान और इंसान—कुछ भी सुरक्षित नहीं था। लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने तरक्की की है। तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार को लेकर दिए गए बयान पर लवली आनंद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को किसने कह दिया कि नीतीश जी को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा? 2025 में एनडीए को 225 सीटें मिलेंगी और नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ दिए गए विवादित बयानों पर उन्होंने नाराज़गी जताई।

लवली आनंद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल बेहद शर्मनाक है। ऐसा बोलकर विपक्ष अपना ही नुकसान कर रहा है। संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक भाषाओं का ज्ञान होना चाहिए। संस्कृत संस्कार देती है, इंग्लिश भी जरूरी है, और भोजपुरी को भी आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग हो रही है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल के भाजपा-कांग्रेस सांठगांठ वाले बयान पर उन्होंने तंज कसा और कहा कि जब सब मिलीभगत है, तो फिर प्रधानमंत्री को गाली क्यों दी जा रही है?

