
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन विपक्ष ने सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर दी। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष ने राज्य सरकार पर शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों के राजनीतिकरण का आरोप लगाया और राज्यपाल के संवैधानिक अधिकारों में हो रहे हस्तक्षेप का भी कड़ा विरोध दर्ज कराया। विपक्षी विधायकों ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक परंपराओं को ठेस पहुँचा रही है और संवैधानिक मर्यादाओं की अनदेखी कर रही है।

