भारत-अमेरिका व्यापारिक तनाव एक बार फिर सुर्खियों में है। अमेरिका ने बुधवार से भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लागू कर दिया है। इससे पहले 29 जुलाई को भी 25% टैरिफ लगाया गया था। यानी अब भारतीय उत्पादों पर कुल 50% आयात शुल्क वसूला जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस फैसले पर भारत ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में आयोजित गेहूं और जौ अनुसंधान सम्मेलन में कहा कि अमेरिका दादागीरी कर रहा है लेकिन “नया भारत न किसी

से डरता है, न झुकता है।” शिवराज ने साफ किया कि मोदी सरकार किसानों और पशुपालकों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की आंखों में आंख डालकर बात कर रहा है और अपने फैसले खुद करेगा। कृषि मंत्री ने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की अपील की और चेतावनी दी कि अगर भारत ने “तीसरा नेत्र खोल दिया” तो दादागीरी करने वाले कहीं टिक नहीं पाएंगे।

