
ऑनलाइन गेमिंग इंडस्ट्री भारत में तेजी से बढ़ रही है, लेकिन अब इसके रास्ते में एक बड़ा ब्रेकर आ गया है. ये ब्रेकर सरकार लेकर आ रही है, जिसकी वजह से इंडस्ट्री से जुड़ी 2 लाख नौकरियों पर संकट दिख रहा है. मामला ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े बिल का है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ऑनलाइन गेमिंग बिल को मंजूरी मिल गई है. इस बिल का मकसद तेजी से आगे बढ़ रहे डिजिटल गेमिंग सेक्टर और ऑनलाइन सट्टेबाजी को रेगुलराइज करना है. इसके बाद लोगों के मन में सवाल आ रहा है कि क्या सभी ई-स्पोर्ट्स और ऑनलाइन गेम्स पर रोक लग जाएगी. अभी इस मामले में सरकार ने आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी है. सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, ऑनलाइन गेमिंग बिल का असर पैसे से जुड़े गेम्स पर पड़ेगा. प्रस्तावित रेगुलेशन एंड प्रमोशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट के तहत बैंक और वित्तीय संस्थाएं ऐसे ऑनलाइन गेम्स को फंड ट्रांसफर नहीं कर पाएंगे, जो असली पैसों से खेले जाते हैं. इसका मतलब ये है कि अगर ये बिल पास होता है और कानून बनता है, तो आप ऑनलाइन सट्टेबाजी नहीं कर पाएंगे. इसका सीधा असर Dream 11, MY11Circle, Khelo Fantasy, WinZO, Games24x7 जैसे ऑनलाइन गेम्स पर पड़ेगा, जहां यूजर्स पैसे लगाते हैं.

