
शिक्षक बहाली की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने की लाठीचार्ज एंकर – बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET), बिहार शिक्षक पात्रता परीक्षा (BTET) और लाइब्रेरियन भर्ती की मांग कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। अभ्यर्थी पटना कॉलेज परिसर से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकालना चाहते थे, लेकिन डाक बंगला चौराहे पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। छात्रों ने बैरिकेडिंग हटाने और मार्ग खोलने की मांग की, जबकि एक छात्र ने मजिस्ट्रेट से पैर पकड़कर मुख्यमंत्री आवास तक जाने की गुहार भी लगाई। पुलिस ने छात्रों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4 अगस्त को घोषणा की थी कि TRE-4 साल 2025 और TRE-5 साल 2026 में आयोजित होगी, जबकि STET परीक्षा TRE-5 से पहले होगी। इससे हजारों अभ्यर्थी निराश हुए, जिन्हें उम्मीद थी कि STET 2025 से पहले आयोजित होगी ताकि वे बहाली प्रक्रिया में शामिल हो सकें। अब शिक्षा विभाग का कहना है कि जल्दी परीक्षा लेने से बहाली में और देरी होगी।

