अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना ने लोगों को दहला दिया है। टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन में ‘टारगेट’ कंपनी के एक स्टोर के पार्किंग क्षेत्र में एक बंदूकधारी ने दो वयस्कों और एक बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध लगभग 30 साल का है और उसका मानसिक बीमारी का इतिहास रहा है। वारदात के बाद वह चोरी की कार से भागा, लेकिन दुर्घटनाग्रस्त होने पर दूसरी कार चुरा ली। पुलिस ने उसे करीब 30 किलोमीटर दूर पकड़ लिया।

अधिकारियों ने बताया कि एक वयस्क और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य वयस्क ने अस्पताल में दम तोड़ा। यह घटना दो हफ्ते पहले मिशिगन के वालमार्ट स्टोर में हुई गोलीबारी जैसी ही है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 50 साल में 15 लाख से अधिक अमेरिकी गन कल्चर की भेंट चढ़ चुके हैं, जबकि देश में हथियारों की संख्या आबादी से भी ज्यादा है।

