पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया। पटरी पर लगाए गए बम के विस्फोट से ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसमें चार यात्री मामूली रूप से घायल हुए। घटना क्वेटा से 25 किलोमीटर दूर स्पेजैंड रेलवे स्टेशन के पास सुबह 9 बजे हुई, जब ट्रेन पेशावर की ओर 350 यात्रियों को लेकर जा रही थी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, धमाके के तुरंत बाद बचाव दल और दुर्घटना राहत ट्रेन मौके पर भेजी गई, जबकि सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर

दी और बम निरोधक दस्ते को तैनात किया। इस हादसे के बाद जाफर एक्सप्रेस और बोलन मेल की सेवाएं 14 अगस्त तक निलंबित कर दी गई हैं। हाल के महीनों में जाफर एक्सप्रेस कई बार हमलों का शिकार हो चुकी है—कभी बम धमाकों से, तो कभी गोलीबारी से। अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी ने इससे पहले कई हमलों की जिम्मेदारी ली है।

