आज सावन का तीसरा सोमवार है और देशभर के शिव मंदिरों में भक्ति और आस्था की लहर देखने को मिल रही है। काशी विश्वनाथ मंदिर में आज मंगल आरती के साथ सुबह की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई और मंदिर प्रांगण ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। अहमदाबाद के कोटेश्वर महादेव, दिल्ली के गौरी शंकर मंदिर, अयोध्या के क्षीरेश्वरनाथ व नागेश्वरनाथ मंदिर, देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम, उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर और हरिद्वार के दक्षेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़

उमड़ी। लोग व्रत, जलाभिषेक और विशेष पूजा में लीन हैं। कांवड़िए गंगाजल लेकर शिव को अर्पित कर रहे हैं। सावन का हर सोमवार भगवान शिव को प्रसन्न करने का पावन अवसर माना जाता है, और आज देश भर में शिवभक्ति अपने चरम पर है।

