सूरत के लिंबायत इलाके में आतंक मचाने वाले ‘चिया गैंग’ पर अब पुलिस ने सख्त शिकंजा कसा है। मारपीट, हफ्ता वसूली और खुलेआम हथियार लहराने वाले इस गैंग के तीन सदस्य—माजिद, समीर और दीपक—को एसओजी ने गिरफ्तार किया। पुलिस इन तीनों को उसी इलाके में ले गई, जहां इन्होंने दबंगई दिखाई थी, और वहीं सार्वजनिक रूप से माफ़ी मंगवाई गई। वीडियो में आरोपी सड़क पर कान पकड़कर लोगों से माफी मांगते नजर आए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस की सख्ती इतनी थी कि

आरोपी लंगड़ाते हुए चलते दिखे। इन बदमाशों ने कुछ दिन पहले एक शख्स से खुद को ‘इलाके का बाप’ बताते हुए 3 हज़ार की हफ्ता वसूली की थी। अब वीडियो वायरल है और लोग पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। इलाका फिलहाल राहत की सांस ले रहा है।

