झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन का नवम प्रांतीय अधिवेशन दिनांक 06 जुलाई 2025 को धनबाद जिला इकाई के सशक्त आतिथ्य में राजविलास रिसॉर्ट, गोविंदपुर में अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों से 550 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन गाड़ोदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार केडिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री कैलाशपति तोड़ी एवं प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। स्वागताध्यक्ष श्री नंदलाल अग्रवाल ने अपने भावपूर्ण भाषण में सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा “धनबाद को यह अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। और यह आयोजन हमारे समाज की शक्ति, संस्कृति और समर्पण का प्रतीक है।” प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संगठन की दिशा और दृष्टिकोण पर बल देते हुए कहा “मारवाड़ी सम्मेलन को केवल सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन के रूप में स्थापित करना हमारी प्राथमिकता है। हमें परंपरा से आगे बढ़ते हुए आधुनिक चुनौतियों का सामना संगठित होकर करना

होगा। युवा और मातृशक्ति हमारे दो मजबूत स्तंभ हैं, जिनकी भागीदारी को निरंतर बढ़ाना होगा।”उन्होंने धनबाद इकाई की कार्यशैली, अनुशासन और परिश्रम की खुले मंच से प्रशंसा की। धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने सभी आगंतुकों, प्रतिनिधियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि “धनबाद को यह अवसर मिला, यह हम सबके लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम में मातृशक्ति, युवा इकाई, वरिष्ठ समाजसेवियों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं की भागीदारी अत्यंत सराहनीय रही। धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो भी कार्यक्रम में पधारें और मारवाड़ी सम्मलेन द्वारा किए जा रहे समाजसेवा की सराहना किए। धन्यवाद ज्ञापन स्वागतमंत्री एवं धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के महामंत्री ललित कुमार झुनझुनवाला ने किया। अधिवेशन के समापन पर सभी प्रतिनिधियों एवं अतिथियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम का समापन “जय मारवाड़ी सम्मेलन” के गगनभेदी उद्घोष एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।

