उत्तराखंड से केदारनाथ यात्रा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारी बारिश के कारण प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोका गया है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, हालांकि वह अभी खतरे के निशान से नीचे है। दूसरी ओर, बद्रीनाथ मार्ग पर भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया है, जबकि गौरीकुंड में मलबा हटाने का कार्य जारी है।

लगातार बारिश से बिजली और पानी की आपूर्ति भी कई इलाकों में प्रभावित हुई है। बीते दिनों सोनप्रयाग में भूस्खलन के कारण फंसे 40 से अधिक श्रद्धालुओं को SDRF ने रेस्क्यू किया था। केदारनाथ यात्रा, चार धाम यात्रा का हिस्सा है और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है, लेकिन फिलहाल सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

