छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस की गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने जानकारी दी है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव के.सी. वेणुगोपाल रायपुर दौरे पर आने वाले हैं। उनके स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा अनुषांगिक संगठनों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

भूपेश बघेल ने कहा, “मुझे दो बैठकों में भाग लेने का अवसर मिला। सभी संगठनों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं कि आयोजन को सफल और प्रभावशाली कैसे बनाया जाए।” इस दौरे को छत्तीसगढ़ में पार्टी को फिर से मज़बूती देने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इन बैठकों में आगामी संगठनात्मक रणनीतियों, कार्यकर्ता सशक्तिकरण, और जनसंपर्क अभियानों पर विशेष ज़ोर रहेगा।

