लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र के अशरफाबाद इलाके में एक फ्लैट से एक ही परिवार के तीन लोगों की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों में 48 वर्षीय कपड़ा व्यापारी शोभित रस्तोगी, उनकी पत्नी सुचिता रस्तोगी और 16 वर्षीय बेटी ख्याती रस्तोगी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। तीनों ने कथित तौर पर ज़हर खाकर अपनी जान दी। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। शोभित रस्तोगी राजाजीपुरम क्षेत्र में कपड़ों के बड़े व्यापारी थे। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और जांच जारी है।

