पाकुड़ प्रखंड के दादपुर पंचायत के मलाईपुर ग्राम में अबुआ आवास योजना के 10 लाभुकों को पक्का मकान मिला। उपायुक्त मनीष कुमार व उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, पाकुड़ विधायक प्रतिनिधि एवं मुखिया सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से लाभुक के नवनिर्मित अबुआ आवास का फीता काटकर व नारियल फोड़ कर गृह प्रवेश कराया। लाभुक ने माननीय मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन के प्रति अपना आभार जताया कहा कि हमलोगों के पास रहने के लिए पक्के का मकान नहीं था। कच्चे मकान में किसी तरह गुजर बसर करते थे। सरकार के मदद से आज हमलोगों के पास पक्का का मकान बन गया। इसके पश्चात उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त, बीडीओ सहित अन्य प्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया।

इसके अलावा उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त, प्रमुख रानी सोरेन एवं डांगापाड़ा मुखिया बाले हेम्ब्रम ने हिरणपुर प्रखंड के डांगापाड़ा पंचायत के दराजमाठ में अबुआ आवास योजना के दो लाभुकों महादेव यादव एवं संजय साहा का नये बने आवास के दरवाजे पर नारियल फोड़कर व फीता काट कर गृह प्रवेश कराया। उपायुक्त ने कहा कि अबुआ आवास योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से बेघर और जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने हेतु छत उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार की पहल पर अबुआ आवास योजना के तहत लाभुकों को तीन कमरों वाले पक्का मकान के साथ शौचालय और नल से जल योजना का लाभ मिल रहा है। आज पूरे जिले में 1500 अबुआ आवास में एक साथ गृह प्रवेश हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवास निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि सभी पात्र लाभुकों को समय पर आवास उपलब्ध हो सके। पाकुड़ जिला के सभी प्रखण्डों में अबुआ आवास योजना के लाभुकों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे जिले में 1500 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। सभी प्रखण्ड़ों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वरीय पदाधिकारियों ने लाभुकों को गृह प्रवेश करवाया। पाकुड़ प्रखंड में 500, हिरणपुर प्रखंड में 200, लिट्टीपाड़ा में 200, अमड़ापाड़ा में 100, महेशपुर प्रखंड में 300, पाकुड़िया प्रखंड में 200 लाभुकों ने अपने अबुआ आवास में गृह प्रवेश किया।

