गुजरात के अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा के दौरान शुक्रवार को एक हाथी बेकाबू हो गया। रथयात्रा में शामिल यह हाथी सबसे आगे चल रहा था, लेकिन शोरगुल के बीच वह अचानक रथ से अलग होकर तेजी से भाग निकला। इस दौरान महावत और वन विभाग के कर्मचारी हाथी के पीछे दौड़े और थोड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू कर लिया गया। गनीमत रही कि घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें एक वीडियो में हाथी रथ से अलग होकर भागता

दिख रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में अन्य हाथी असामान्य व्यवहार करते दिखाई देते हैं, हालांकि किसी ने उत्पात नहीं मचाया। सावधानी बरतते हुए प्रशासन ने कुल तीन हाथियों को रथयात्रा से अलग कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, सभी हाथियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

