
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में भाषा के आधार पर राजनीति की जा रही है। कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, “भारत धर्मनिरपेक्ष देश है, यहां हर वर्ग के लोग रहते हैं, लेकिन भाजपा बंगाली बोलने वालों को बांग्लादेशी बता रही है।” ममता ने दावा किया कि दूसरे राज्यों में काम करने गए बंगाल के श्रमिकों को उनकी भाषा की वजह से बांग्लादेशी कहकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही एक मामले में राजस्थान में 300 से 400 बंगाली मजदूरों को बांग्लादेशी बताकर डिटेन किया गया, जिन्हें राज्य सरकार ने हस्तक्षेप कर वापस लाया। सीएम ने कहा कि बंगाली बोलना अपराध नहीं है, और पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस “भाषा आधारित भेदभाव” पर जवाब मांगा।

