
टनकुप्पा प्रखंड के भेटौरा पंचायत में मुखिया पद के उपचुनाव के लिए गुरुवार को उस समय माहौल गरमा गया जब दो सगे भाइयों ने एक ही पद के लिए नामांकन का पर्चा भर दिया। दिलीप प्रसाद यादव और उनके छोटे भाई अनिल यादव, दोनों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। दिलीप यादव के नामांकन के बाद प्रखंड प्रमुख चिंकी कुमारी, पूर्व मुखिया अनिता देवी, पूर्व उपप्रमुख रामचन्द्र यादव, पूर्व जिला पार्षद उमेश दास, डॉ. हेमराज यादव, राजू कुमार, महेन्द्र दास सहित अन्य ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया। इसके कुछ देर बाद अनिल यादव ने भी नामांकन कर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी। बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी अलिषा कुमारी ने बताया कि अब तक मुखिया पद के लिए दो तथा वार्ड सदस्य पद के लिए एक नामांकन हुआ है। कुल छह पदों पर चुनाव होना है। सगे भाइयों के आमने-सामने आने से पंचायत की राजनीति में रोचक मोड़ आ गया है।
