पुणे के मावल तहसील में रविवार को बड़ा हादसा हो गया, जब इंद्रायणी नदी पर बना 30 साल पुराना पैदल पुल अचानक गिर गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में पर्यटक नदी का बहाव देखने और सेल्फी लेने के लिए पुल पर इकट्ठा हो गए थे। पुल पहले से ही जर्जर स्थिति में था, लेकिन चेतावनी बोर्ड को नजरअंदाज कर लोगों की भीड़ जुट गई।

भीड़ का भार सहन न कर पाने के कारण पुल टूट गया और कई लोग नदी में बह गए। अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 50 से ज्यादा घायल हैं। तलेगांव के विभिन्न अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। इस हादसे ने एक बार फिर साबित किया है कि लापरवाही, भीड़ और सोशल मीडिया की रील संस्कृति जानलेवा साबित हो सकती है।

