हजारीबाग में छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर होगी बैरिकेडिंग |

हजारीबाग में छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर होगी बैरिकेडिंग |

आगामी लोक आस्था का पर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज उपायुक्त श्री हेमन्त सती एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार ने हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों का भ्रमण कर निरीक्षण किया।

इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने झील, छठ तालाब, बुढ़वा महादेव तालाब, काली बाड़ी तालाब एवं हुडहुडू स्थित लंबा तालाब सहित अन्य महत्वपूर्ण जलाशयों का निरीक्षण कर छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अपर नगर आयुक्त को सभी महत्वपूर्ण छठ तालाबों के गहरे एवं संवेदनशील क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना एवं दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी तालाबों एवं छठ घाटों की बेहतर साफ-सफाई, समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तालाबों में एनडीआरएफ की टीम की प्रतिनियुक्ति करने, पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करने तथा बोट के माध्यम से तालाबों के गहरे क्षेत्रों एवं जल की गहराई से संबंधित जानकारी का नियमित रूप से अनाउंसमेंट कराने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त तालाबों के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उचित दूरी पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में 10 नवंबर तक पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने कहा कि छठ लोक आस्था, श्रद्धा एवं पवित्रता का पर्व है। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न जलाशयों एवं छठ घाटों पर अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारीयो को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।