जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सदर प्रखंड पहुंचकर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जाति प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे मतदाताओं से संवाद कर एसआईआर प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। साथ ही मतदाताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अंचल अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों को जाति प्रमाणपत्र निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के

दौरान पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मतदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। इसके अलावा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ के साथ समीक्षात्मक बैठक कर एसआईआर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

