हजारीबाग। झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति ने बुधवार को हजारीबाग जिले का दौरा किया। समिति के सभापति बरही विधायक श्री मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में परिसदन भवन में आयोजित बैठक के दौरान जिले के विभिन्न विभागों के वित्तीय प्रबंधन एवं लेखा संबंधी मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में समिति के सदस्य मनोहरपुर विधायक श्री जगत मांझी तथा बरकट्ठा विधायक श्री अमित कुमार यादव उपस्थित रहे। बैठक में समिति ने जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ विभागवार वित्तीय मामलों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विभागीय आय-व्यय, सरकारी राशि के उपयोग में पारदर्शिता, लेखा परीक्षण, वित्तीय दस्तावेजों के मूल्यांकन, वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित कार्रवाई, प्रपत्र-क के गठन, राशि की वसूली, विभागीय कार्रवाई,

सर्टिफिकेट केस एवं नीलामी से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। समिति ने संबंधित पदाधिकारियों से इन मामलों में अद्यतन प्रतिवेदन एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त की। समिति ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित लेखा कंडिकाओं की नियमित समीक्षा करें तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं। साथ ही, वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सरकारी धन के उपयोग में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर बल दिया। समिति ने विभागीय वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ करने, लेखा संबंधी आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन तथा वित्तीय अनुशासन का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
